भालू ने तोड़ा गोशाला का दरवाजा, परिजनों ने भगाया
लगातार भालू की सक्रियता से लोगों में बना हुआ है भय
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्योतिर्मठ। ज्योतिर्मठ नगर में भालू के आतंक से निजात नहीं मिल पा रही है। आए दिन भालू किसी न किसी मोहल्ले में नजर आ रहा है। सोमवार को गांधीनगर में भालू ने गोशाला का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश की। परिवार के लोगों ने उसे शोर मचाकर भगा दिया।
गांधीनगर मोहल्ला निवासी धीरेंद्र कुमार की गोशाला उनके घर के पास ही है। सोमवार सुबह भालू गोशाला में आ धमका और दरवाजा तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास करने लगा। परिवार के लोगों को इसकी भनक लगते ही उन्होंने शोर मचाकर भालू को भगा दिया। स्थानीय सभासद ललिता देवी ने बताया कि भालू की सक्रियता बढ़ रही है और वह लोगों पर भी हमला कर सकता है।
नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क के वन क्षेत्राधिकारी गौरव नेगी ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया। टीम ने वहां निरीक्षण किया, आगे की कार्रवाई की जा रही है।