देवाल। ब्लाक सभागार में आयोजित ब्लाक शिक्षा समिति की बैठक में बदहाल शिक्षा व्यवस्था पर शिक्षा समिति के सदस्यों ने हंगामा किया। सदस्यों ने विद्यालयों में अध्यापकों के अनुपस्थित रहने, कई विद्यालयों में मध्याह्न भोजन न बनने पर आक्रोश जताया। इसके बाद बीईओ की ओर से अनुपस्थित प्रधानाचार्यों और अन्य समस्याओं पर कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर सदस्य शांत हुए।
शिक्षा समिति के अध्यक्ष और ज्येष्ठ उपप्रमुख हरेंद्र सिंह कोटेड़ी की अध्यक्षता में हुई बैठक में कई मामलों में जनप्रतिनिधि और शिक्षक आमने-सामने हुए। बैठक में क्षेत्र पंचायत सदस्य जसपाल ने कहा कि चार माह से मानमती के विद्यालय में मिड-डे मिल का भोजन नहीं बना है। वाण के सदस्य हीरा सिंह ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय भीडिंग में एक अध्यापक तीन माह से अनुपस्थित चल रहा है। हरमल के पुष्कर सिंह गड़िया ने बताया कि जूनियर हाईस्कूल हरमल के अध्यापक को बमोटिया में संबद्ध किया गया है। उन्होंने शिक्षक वापस बुलाने की मांग की, जबकि उफ्थर और हरमल में पेयजल और शौचालय न होने का मामला उठाया गया। क्षेत्र प्रमुख उर्मिला बिष्ट ने सीआरसी, बीआरसी, बीईओ को नियमित विद्यालयों का निरीक्षण करने और कार्यप्रणाली में सुधार लाने के लिए कहा। बीईओ ने बताया कि ब्लाक के 17 हाईस्कूलों में 56 पद रिक्त हैं। सवाड़ और ल्वाणी जीआईसी के इंटर स्तर पर पद सृजित नहीं हैं। अध्यापकों के अनुपस्थित रहने की शिकायत पर कार्रवाई की जा रही है। बैठक में कनिष्ठ उपप्रमुख मनोज कुमार, महावीर बिष्ट, रैन के प्रधानाचार्य विपिन चंद्र मिश्रा, ब्लाक समन्वयक बीएस रावत, सीआरसी एलपी जोशी, जेसी जोशी, बलवंत बागड़ी, गंगा सिंह, गजेंद्र मिश्रा, लक्ष्मण रावत जसपाल सिंह आदि उपस्थित थे।