गोपेश्वर। पोखरी के खदेड़ पट्टी के 30 गांवों की आराध्य देवी मां उमा मंगलवार को नौली गांव में अपने भक्तों से विदा लेकर पंच केदारों में से तृतीय केदार तुंगनाथ पहुंच गई हैं। मां उमा को विदाई देने के लिए ध्याणियां और ग्रामीण नौली गांव के जंगल तक आए। मंगलवार दोपहर सवा दो बजे मां उमा तुंगनाथ मंदिर में विराजमान हो गईं थी। बुधवार को देव डोली तड़के पूजा-अर्चना के बाद बदरीनाथ धाम के लिए रवाना हो जाएगी।
26 अक्तूबर को डुंगर गांव से मां उमा की दिवारा (देव यात्रा) शुरू हुई। विभिन्न गांवों का भ्रमण करने के बाद माता की डोली मंगलवार को तुंगनाथ पहुंची। देव डोली के साथ सैकड़ों भक्त भी नंगे पांव तुंगनाथ पहुंचे। बदरीनाथ की यात्रा करने के बाद मां उमा खदेड़ पट्टी के 30 गांवों का भ्रमण कर अपने भक्तों की कुशलक्षेम पूछेंगी। दिवारा के अध्यक्ष विजयपाल सिंह नेगी और उपाध्यक्ष तेजपाल सिंह बर्त्वाल ने बताया कि उमा देवी मंदिर में बीती 24 अक्तूबर से धार्मिक अनुष्ठान शुरू हो गए थे। कहा कि दिवारा यात्रा संपन्न होने के बाद उमा मंदिर में भव्य ज्ञय का आयोजन किया जाएगा।