गोपेश्वर। चतुर्थ केदार रुद्रनाथ की उत्सव डोली रात्रि प्रवास के लिए शनिवार को ग्वाड़ गांव में पहुंची। यहां स्थानीय ग्रामीणों ने फूल-मालाओं के साथ भगवान रुद्रनाथ का स्वागत किया।
इस दौरान गणजेश्वर जन विकास समिति के सचिव ताजबर सिंह भंडारी के नेतृत्व में रुद्रनाथ गया कोलकाता के 30 तीर्थयात्रियों का दल भी सकुशल गोपेश्वर लौट आया है। तीर्थयात्री अंकुर जैन, अमिताभ रॉय, सीमा रॉय और सुदीप मल्होत्रा ने कहा कि रुद्रनाथ क्षेत्र में सुरम्य बुग्याल और दूर-दूर तक फैली हिमाच्छादित पर्वत श्रृंखलाएं मन को मोहित करने वाली हैं। उन्होंने कहा कि रुद्रनाथ पैदल मार्ग कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त है। मार्ग पर गंदगी का बोलबाला है। पर्यटन विभाग को इसकी सुध लेनी चाहिए। वहीं, रविवार को भगवान रुद्रनाथ गोपीनाथ मंदिर में विराजमान होंगे।