गोपेश्वर। महाविद्यालय से चार शिक्षकों के अन्यत्र स्थानांतरण होने से गुस्साए छात्रों ने मंगलवार को महाविद्यालय गेट पर सांकेतिक जाम लगाया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। साथ ही स्थानांतरित शिक्षकों के स्थान पर प्रतिस्थानी नहीं भेजे जाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गई।
छात्रों का कहना था कि महाविद्यालय पहले ही शिक्षकों की कमी से जूझ रहा है। ऐसे में सरकार द्वारा एक के बाद एक चार शिक्षकों का स्थानांतरण किए जाने से छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने महाविद्यालय में रिक्त पडे़ शिक्षकों के पदों पर नियुक्ति के साथ ही अन्यत्र स्थानांतरित हुए शिक्षकाें के प्रतिस्थानी नहीं भेजे, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। इस मौके पर पूर्व महासचिव राकेश फर्स्वाण, संदी भंडारी, राजदीप फर्स्वाण, उम्मेद सिंह, जोत सिंह, प्रकाश, अरुण, सत्यपाल आदि शामिल थे।