पत्रकार वार्ता में बोले थराली विधायक भूपाल राम टम्टा
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। नंदाराजजात को देखते हुए ग्वालदम-नंदकेशरी-वाण सड़क बीआरओ को हस्तांतरित नहीं की गई है। सड़क यदि बीआरओ के पास गई तो इसके सुधारीकरण कार्य में विलंब हो सकता है। सरकार नंदाराजजात यात्रा को देखते हुए जल्द से जल्द सड़क का सुधारीकरण करवाना चाहती है। इसके लिए 41 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। यह बातें थराली विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक भूपाल राम टम्टा ने पत्रकार वार्ता में कहीं।
लोनिवि गेस्ट हाउस गोपेश्वर में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से चमोली जिले में करोड़ाें की विकास योजनाएं चल रही हैं। सड़क से लेकर स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में लगातार काम किए जा रहे हैं। सरकार ने जो वादे किए थे उन्हें पूरा कर रही है। अकेले थराली विधानसभा क्षेत्र में 275 करोड़ की विभिन्न योजनाओं पर काम हुआ है। अभी 100 करोड़ से अधिक के कार्य प्रस्तावित हैं। वन्य जीवों के बढ़ते हमलों को लेकर भी सरकार ठोस नीति बना रही है। जिले में आपदा प्रभावित क्षेत्रों में भूमिहीन परिवारों के विस्थापन को लेकर भी मुख्यमंत्री से वार्ता हुई है। जल्द भूमि उपलब्ध कराकर उन्हें भी विस्थापित किया जाएगा। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल भी मौजूद रहे।