चमोली/गोपेश्वर। स्वर्गीय पवन फरस्वाण मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब मजोठी एकादश ने जीत लिया। टूर्नामेंट आयोजन समिति की ओर से मजोठी एकादश को 25000 रुपये व ट्रॉफी और उपविजेता रहे सेमडुंग्रा एकादश को 11000 रुपये व ट्रॉफी भेंट की गई। दूसरी ओर गणजेश्वर क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब चंडिका एकादश ने जीता। उन्हें भी पुरस्कार स्वरूप धनराशि दी गई।
मजोठी गांव के खेल मैदान में एक माह से चल रहे टूर्नामेंट में बुधवार को मजोठी एकादश और सेमडुंग्रा के बीच फाइनल मुकाबला हुआ। टॉस जीतकर सेमडुंग्रा एकादश ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। निर्धारित बीस ओवर में टीम ने 137 रन जोड़े। लक्ष्य का पीछा करते हुए मजोठी एकादश ने 14 ओवर में 140 रन बनाकर मैच जीत लिया। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य ऊषा रावत, कमेटी के अध्यक्ष पुष्कर बर्तवाल, डा. देवेंद्र सिंह फस्वाण, हरक सिंह नेगी, राहुल बर्तवाल आदि मौजूद थे। वहीं, गणजेश्वर क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब चंडिका एकादश ने अपने नाम किया। बुधवार को फाइनल मुुकाबले में टॉस जीतकर चंडिका एकादश ने बीस ओवर में 136 रन बनाए। जवाब में केजे इलेवन की टीम बीस ओवर में 112 रनों पर सिमट गई। टूर्नामेंट आयोजन समिति की ओर से विजेता रही चंडिका एकादश टीम को 31000 रुपये का नकद इनाम और ट्रॉफी भेंट की गई। इस मौके पर पपेंद्र सिंह रावत, संजय पंवार, सैन सिंह रावत, क्रिकेट कमेटी के संरक्षक ओम प्रकाश भंडारी, अध्यक्ष राजेंद्र सिंह नेगी, आशीष, अमित भंडारी, अखिलेश और अनूप आदि मौजूद थे।