गोपेश्वर। ऑलवेदर रोड परियोजना के तहत बदरीनाथ हाईवे पर चल रहा हिल कटिंग कार्य लोगों के लिए मुसीबत का सबब बना हुआ है। बुधवार को क्षेत्रपाल के पास हिल कटिंग के दौरान चट्टान से आया बोल्डर जेसीबी के ऊपर जा गिरा। जेसीबी चालक ने भागकर अपनी जान बचाई। इस दौरान हाईवे पर एक घंटे तक वाहनों की आवाजाही भी बाधित रही। अब यहां हाईवे को सुचारु कर दिया गया है लेकिन वाहनों की आवाजाही अभी भी खतरनाक बनी है।
इन दिनों लंगासू से पीपलकोटी के बीच ऑलवेदर रोड परियोजना का कार्य चल रहा है। परियोजना कार्य से क्षेत्रपाल में हिल साइड जगह-जगह भूस्खलन हो रहा है। बुधवार को पूर्वाह्न लगभग ग्यारह बजे कटिंग के दौरान चट्टान से छिटका बोल्डर यहां काम कर रहे जेसीबी पर आ गिरा और चालक ने भागकर अपनी जान बचाई। बोल्डर से जेसीबी का हाइड्रोलिक टैंक फट गया और जेसीबी हाईवे पर ही खड़ी हो गई, जिससे हाईवे के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। जोशीमठ से ऋषिकेश की ओर जा रहे सेना के वाहन भी जाम में फंस गए। बाद में एनएचआईडीसीएल की दूसरी जेसीबी से हिल साइड के मलबे और पत्थरों को साफ कर दोपहर बारह बजे वाहनों की आवाजाही सुचारु करवाई गई। यहां अभी भी चट्टान से हो रहे भूस्खलन के कारण वाहनों की आवाजाही खतरनाक बनी हुई है।
अपर जिलाधिकारी एमएस बर्निया का कहना है कि चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले हाईवे के अधिकांश हिस्सों में हिल कटिंग कार्य पूरा कर डामरीकरण किया जाना है। एनएचआईडीसीएल के अधिकारियों और कर्मचारियों को सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के साथ हाईवे की हिल कटिंग कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।