मेला मैदान गौचर में चल रही थल सेना की भर्ती रैली के दूसरे दिन उत्तरकाशी जिले के साथ ही चमोली जिले के कर्णप्रयाग और पोखरी ब्लाकों के युवाओं की भर्ती हुई। दोनों जिलों से 3148 युवा भर्ती में शामिल हुए, जिसमें से 414 युवा ही दौड़ पार कर पाए। शुक्रवार (आज) को चमोली जिले के शेष सात ब्लाकों के युवाओं की भर्ती होगी।
बृहस्पतिवार को भर्ती मैदान में उत्तरकाशी और चमोली जिले के दो ब्लाकों की भर्ती रैली हुई। मध्यरात्रि से सेना के भर्ती अधिकारियों ने गौचर हवाई पट्टी में युवाओं को टोकन आवंटित करने शुरू किए। सुबह पांच बजे से मेला मैदान में युवाओं की दौड़ शुरू हो गई।
बृहस्पतिवार को हुई भर्ती रैली के लिए कुल 4976 युवाओं ने आवेदन किया था, लेकिन भर्ती में 3148 युवा ही शामिल हो पाए। इसमें से 414 युवा की दौड़ पूरी कर पाए। भर्ती रैली के दौरान डिप्टी डायरेक्टर जनरल भर्ती संदीप सहगल, भर्ती निदेशक कर्नल एएस मंगत, सूबेदार मेजर कुलदीप राज और सेना के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
दोपहर को एसडीएम कर्णप्रयाग केएन गोस्वामी ने भी गौचर पहुंचकर भर्ती की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।