गोपेश्वर। इस कड़ाके की ठंड में भी जंगल जलने लगे हैं। सोमवार को पोखरी क्षेत्र के नैल गांव के समीप जंगलों में आग भड़क गई, जिससे कई हेक्टेयर वन संपदा आग की भेंट चढ़ गई। जंगल में आग लगने का कोई पता नहीं चल पाया है।
जिले के निचले क्षेत्रों में बारिश न होने के कारण इन दिनों सूखी ठंड पड़ रही है, जिससे जंगलों में घास सूख गई है। सोमवार को अपराह्न एक बजे नैल गांव के समीप जंगलों में अचानक आग भड़क गई। शिक्षक धन सिंह घरिया ने बताया कि ग्रामीणों के साथ आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें तेज होने के कारण आग पर काबू नहीं पाया जा सका। आग लगने की सूचना वन विभाग को भी दी गई। इधर, केदारनाथ वन प्रभाग के डीएफओ अमित कंवर का कहना है कि आग बुझाने के लिए वन कर्मियों को निर्देशित कर दिया गया है।