बदरीनाथ धाम में मंगलवार को 1745 तीर्थयात्रियों ने मत्था टेका। इनमें से सात तीर्थयात्री जापान से भी पहुंचे थे। धाम में मंगलवार सुबह पांच बजे से साढ़े सात बजे तक हल्की बारिश भी हुई, जिससे धाम में मौसम ठंडक भरा हो गया है।
बदरीनाथ में दिनभर तीर्थयात्रियों के आने का सिलसिला जारी रहा। वहीं, बदरीनाथ हाईवे भी विष्णुप्रयाग और कंचनगंगा में पूरी तरह से सुगम हो गया है।
तीर्थयात्री कंचनगंगा और रड़ांग बैंड में भी करीब सौ मीटर के हिस्से में फैले हिमखंड के समीप खड़े होकर फोटो खिंचवा रहे हैं। बदरीनाथ में एक सप्ताह से नारद कुंड की सफाई में लगे स्वयं सेवकों ने मंगलवार से कुंड के सुंदरीकरण का काम शुरू कर दिया है।
बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के सीईओ बीडी सिंह ने बताया कि धाम में तीर्थयात्रियों की संख्या में इजाफा हो रहा है। धाम में सभी दुकानें खुल गई हैं। देर शाम तक भी धाम में चहल-पहल है।