गोपेश्वर। चमोली जिला खेल विभाग की ओर से स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित ओपन बालक वर्ग की राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में रविवार को कोटद्वार, उत्तरकाशी और हल्द्वानी ने अपने-अपने मैच जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया। पहला मैच कोटद्वार और बागेश्वर के बीच खेला गया। कोटद्वार के खिलाड़ी शुरुआत से ही बागेश्वर की टीम पर हावी रहे। कोटद्वार की टीम से रोहित नेगी ने पहले हाफ के शुरुआत के 12 वें मिनट में ही गोल दागकर बढ़त ले ली। इसके बाद 30 वें मिनट में रोहित ने ही एक और गोल अपने नाम किया। इसके बाद दूसरे हाफ में अमित और पंकज ने 63 व 68 वें मिनट में एक-एक गोल दागे। जबकि बागेश्वर की ओर से एकमात्र गोल 37 वें मिनट में रितिक जोशी ने किया। कोटद्वार ने 4-1 से मैच अपने नाम कर दिया। दूसरा मैच उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ के बीच खेला गया। निर्धारित समय तक दोनों टीम गोल नहीं कर पाई। जिससे पैनाल्टी शूट में उत्तरकाशी ने 5-2 से पिथौरागढ़ को हरा दिया। तीसरे मैच में हल्द्वानी ने टिहरी की टीम को 2-1 से पराजित किया। सोमवार को उत्तरकाशी, हल्द्वानी, चमोली और कोटद्वार की टीमों के मध्य सेमीफाइनल मुकाबले होंगे। जबकि दोपहर बाद प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला होगा।
इस मौके पर जिला क्रीड़ा अधिकारी गिरीश कुमार, मैच कमिश्नर हेम पुजारी, उत्तराखंड फुटबॉल एसोसिएशन के रैफरी वीरेंद्र बिष्ट, अतुल पुरोहित, राकेश रावत, तनवीर अहमद, नवीन कुंवर, आशीष पटवाल, अजीत सिंह, केसी पंत, पृथ्वी सिंह रावत आदि मौजूद थे।