गोपेश्वर। जिला सभागार में सोमवार को आयोजित जनता दरबार में जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने फरियादियों की समस्याएं सुनी। जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ), मुख्य शिक्षा अधिकारी (सीईओ) और लघु सिंचाई के अधिशासी अभियंता (ईई) के जनता दरबार में उपस्थित न होने पर जिलाधिकारी ने तीनों अधिकारियों का एक दिन का वेतन रोकने के साथ ही उनका स्पष्टीकरण भी तलब किया है।
जनता दरबार में पहुंचे फरियादियों ने सड़क चौड़ीकरण में क्षतिग्रस्त भूमि का मुआवजा न मिलने, निर्माण कार्यों का भुगतान न होने, स्कूल और आंगनबाड़ी में सुरक्षा दीवार बनाने संबंधी शिकायतें दर्ज कराई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता निर्माणाधीन सड़कों की जानकारी नहीं दे पाए, जिस पर डीएम ने नाराजगी व्यक्त की। लंगासू निवासी सुरेंद्र सिंह ने कहा कि ऑलवेदर रोड परियोजना के तहत उनकी भूमि ली गई, लेकिन अभी तक उन्हें मुआवजा नहीं दिया गया है। डीएम ने मामले में एडीएम को जांच करने के निर्देश दिए हैं। देवग्राम के ग्राम प्रधान ने निर्माणाधीन ल्यारी-कल्पेश्वर मोटर मार्ग पर घटिया निर्माण के कारण दीवार धंसने से प्राथमिक विद्यालय भवन और आंगनबाड़ी केंद्र को खतरा उत्पन्न होने की शिकायत की, जिस पर डीएम ने एसडीएम जोशीमठ को मामले की जांच करने और पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता को ठेकेदार से वसूली करने के निर्देश दिए हैं। पठियालधार निवासी देवेश्वरी देवी ने पुलिस कर्मी द्वारा अभद्र व्यवहार, गाली गलौच व जान से मारने की धमकी देने की शिकायत की। डीएम ने मामले में एसपी से संज्ञान लेने को कहा है।