नारायणबगड़। ब्लॉक के बमियाला, कफोली, गंडीक, हरमनी तल्ली, मैदुनी, गड़नी तथा कंसोला के ग्रामीणों ने गांवों के लिए स्वीकृत मार्गों का निर्माण शुरू करने की मांग की। उन्होंने मांग के संबंध में डीएम को ज्ञापन भेजा और जल्द निर्माण कार्य शुरू नहीं किए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
सड़क निर्माण संघर्ष समिति के अध्यक्ष रणजीत सिंह गुसांई, ग्राम प्रधान गंडीक मान सिंह खत्री, बमियाला के महेंद्र सिंह, कफोली के भागचंद्र आदि ने बताया कि शासन से नलगांव-कफोली मोटर मार्ग की स्वीकृति दो वर्ष पूर्व मिली थी। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी ब्रिडकुल कंपनी को दी गई, लेकिन निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से ग्रामीण सड़क सुविधाओं से वंचित हैं। वहीं हरमनी तल्ली के ग्राम प्रधान अनीता देवी, मंगल सिंह, नंदन सिंह आदि का कहना है कि लोनिवि थराली के अधिकारियों ने एलाइनमेंट में लापरवाही बरतते हुए हरमनी-गड़चूड़ा मोटर मार्ग के निर्माण के दौरान हरमनी तल्ली को मार्ग से वंचित कर दिया गया। ग्रामीणों ने कहा यदि जल्द समस्या का निराकरण नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।