कर्णप्रयाग/गौचर। खेल महाकुंभ के तहत आयोजित तीन दिवसीय ब्लाक स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का शनिवार को पुरस्कार वितरण के साथ समापन हुआ। अंतिम दिन आयोजित अंडर-19 आयु वर्ग की प्रतियोगिता में 200 मीटर दौड़ में राहुल नेगी और प्रियंका नेगी प्रथम रहे। खोखो में झिरकोटी न्याय पंचायत प्रथम स्थान पर रहीं।
गौचर खेल मैदान में मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी यूसी कैलखुरा ने विजेता खिलाड़ियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। कैलखुरा ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे आने का मौका मिलता है। प्रतियोगिता के अंतिम दिन 1500 मीटर दौड़ में शुभम और चेतना प्रथम रहीं। गोला फेंक में अभिषेक और चेतना, चक्का फेंक में अभिषेक और ममता प्रथम रहीं और कबड्डी में झिरकोटी न्याय पंचायत की बालिकाएं अव्वल रहीं। इस दौरान क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी संदीप पंत, ब्लाक क्रीड़ा समन्वयक विनोद नेगी, आरएस नेगी, डीएस नेगी, जयकृत सिंह रावत, उमेश जोशी, शशि नौटियाल और भरत सिंह राणा आदि मौजूद थे।