दुकानों में प्रयोग किए जाने की मिल रही थी शिकायत
गोपेश्वर/थराली। होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों में घरेलू गैस सिलिंडरों की शिकायत पर जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने सोमवार को गोपेश्वर नगर के होटल और रेस्टोरेंट में छापा मार कर 10 घरेलू सिलिंडर जब्त किए। जबकि थराली में 11 घरेलू सिलिंडर पकड़े गए।
गोपेश्वर में जिला पूर्ति अधिकारी यशवंत कंडारी ने इंडेन गैस सर्विस के प्रबंधक लक्ष्मण रावत को निर्देश दिए कि जिन उपभोक्ताओं की ई केवाईसी नहीं है, उन्हें किसी भी हालत में गैस सिलिंडर न दिए जाएं। उन्होंने नगर में होटल और रेस्टोरेंट की नियमित चेकिंग के निर्देश भी दिए। तहसीलदार दीपशिखा के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने पुराना पेट्रोल पंप से मंदिर मार्ग, पोस्ट ऑफिस, पुलिस लाइन, सुभाषनगर क्षेत्र को होटल और रेस्टोरेंट में आकस्मिक छापे मारे। इस मौके पर राजस्व उपनिरीक्षक, पूर्ति निरीक्षक भी मौजूद रहे। वहीं थराली में पूर्ति विभाग, राजस्व, पुलिस की संयुक्त टीम ने बाजार के होटल, ढाबाे, रेस्टोरेंट, चाय की दुकानों पर छापा मार कर 11 घरेलू गैस सिलेंडर कब्जे में लिए। टीम में पूर्ति निरीक्षक राजेश्वरी, तहसीलदार डीएस नेगी, उप निरीक्षक संजय टम्टा, राजस्व निरीक्षक जगदीश प्रसाद गैरोला आदि मौजूद रहे। संवाद