भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने निवर्तमान मुख्यमंत्री हरीश रावत पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने तथा राज्य के विकास को बाधित करने का आरोप लगाते हुए चंद्राचार्य चौक पर उनकी दलबदल विरोधी यात्रा के विरोध में प्रदर्शन किया तथा पुतला फूंका।
आरोप लगाया कि विधायकों की खरीद फरोख्त करने में लिप्त दिखाई दे रहे हरीश रावत अब जनता को बरगलाने के लिए नौटंकी कर रहे हैं। सोमवार मंडलाध्यक्ष प्रदीप कालरा और संदीप गोयल के नेतृत्व में भाजपा के कार्यकर्ता दोपहर चंद्राचार्य चौक पर एकत्र हुए। हरीश रावत के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उन्होंने उनका पुतला भी फूंका।
प्रदीप कालरा और जिला उपाध्यक्ष नरेश शर्मा ने इस अवसर पर आरोप लगाया कि राज्य में जब से कांग्रेस की सरकार बनी थी तब से राज्य का विकास ठप हो गया। अपने ही विधायकों का भी विश्वास नहीं जीत सके हरीश रावत ने पूरा तंत्र माफियाओं के हाथ में सौंप दिया था उन्हीं के कारण राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाना केंद्र सरकार की मजबूरी बन गई थी।
मंडल महामंत्री अनिरुद्ध भाटी और देवेंद्र मनवाल ने आरोप लगाया कि राज्य को करीब 20 साल पीछे धकेलने वाले हरीश रावत अब जनता को बरगलाने के लिए यात्राएं निकाल रहे हैं लेकिन जनता सब कुछ समझती है।
इस अवसर पर संजना शर्मा, आशीष शर्मा, संगीता गिरि, हैदर नकवी, मनव्वर कुरैशी, सुनील सेठी, अनिल अरोड़ा, सरोज जाखड़, आकाश शर्मा, मनोज वर्मा, राजेश शर्मा, वंदना गुप्ता, सुरेश शर्मा, हिमांशु राजपूत, प्रेम शंकर पिंकी, दीपक गोस्वामी, गौरव सचदेवा, हरीश गौड़, समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।