बागेश्वर। उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) देहरादून और अगस्तया इंटरनेशनल फाउंडेशन की ओर से जिले को लैब ऑन व्हील्स वैन प्राप्त हुई है। कक्षा छह से हाईस्कूल के बच्चों को विज्ञान, गणित के प्रयोगों को सरल तरीके से समझाने के लिए जिले में वैन दौड़ेगी।
बृहस्पतिवार को मुख्य अतिथि विधायक पार्वती दास ने वैन को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि वैन से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को विज्ञान विषय में अभिरुचि पैदा करने, विज्ञान विषय को समझने में मदद मिलेगी। सीईओ जीएस सौन ने कहा कि इस प्रकार की परियोजनाओं से छात्र-छात्राओं का दृष्टिकोण वैज्ञानिक होगा और उनमें प्राकृतिक जिज्ञासा का विकास होगा। लैब ऑन व्हील्स परियोजना के जिला समन्वयक दीप चंद्र जोशी ने बताया कि परियोजना के माध्यम से बच्चों को जीव विज्ञान, रसायन विज्ञान, भौतिक विज्ञान, गणित आदि विषय को बेहतर तरीके से सीखने और समझने का अवसर किया जा रहा है।
परियोजना के दूसरे चरण में नौ जिलों को वैन प्राप्त हुई हैं। उन्होंने बताया कि शुरूआत में नजदीकी 20 विद्यालयों में वैन भ्रमण करेगी। इस मौके पर डीईओ माध्यमिक आशा राम, अल्मोड़ा के इगनेटर योगेश बिष्ट, राजेश आगरी, हेम चंद्र जोशी, सुशीला रावत, ममता नेगी, सुरेश राम, एआर पाल, जीतेंद्र वर्मा, नीलम कार्की, चंपा बोरा, दीक्षा दानू, निर्मला पांडेय आदि मौजूद रहे।