बागेश्वर। इंडोर स्टेडियम में राज्य स्तरीय सब जूनियर बैडमिंटन प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। युगल मुकाबलों में बागेश्वर के बालकों की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए फाइनल में जगह बनाई। एकल मुकाबलों में हल्द्वानी के खिलाड़ी छाए रहे।
सोमवार को हुए अंडर-13 बालक वर्ग का सेमीफाइनल मैच बागेश्वर के कार्तिकेय रावल-प्रांजल और देहरादून के शिवांश-विहान की जोड़ी के बीच हुआ। बागेश्वर के खिलाड़ियों ने दमदार खेल दिखाते हुए 17-21, 21-16, 21-11 से देहरादून की टीम को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। बालिका वर्ग के युगल मुकाबले में हल्द्वानी की अवनी-अनुष्या की टीम ने बागेश्वर की तनुजा-हिमानी की टीम को सीधे सेटों में 21-16, 21-16 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई।
बालिका वर्ग के एकल मुकाबलों में हल्द्वानी की अनुष्या ने देहरादून की अन्वेषा सकलानी को 21-17, 21-16 से और हल्द्वानी की अवनी मखलोगा ने देहरादून की अन्या पुंडीर को 21-15, 21-08 से हराकर फाइनल मुकाबले में प्रवेश किया। बालक वर्ग के एकल मुकाबले में हल्द्वानी के पूरव कार्की ने देहरादून के अनय श्रीवास्तव को पराजित कर फाइनल में स्थान पक्का किया। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले आज खेले जाएंगे। इस मौके पर बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव विपिन कर्नाटक, डॉ. हरीश दफौटी, अनिल कार्की, संजय वर्मा, दीपक खेतवाल, संतोष खेतवाल, केदार मेहता आदि मौजूद रहे।