बैजनाथ रेंज के वनों को आग से बचाने के लिए वन विभाग ने गांव-गांव में जागरूकता अभियान चलाया। वन रेंजर श्याम सिंह करायत ने बैजनाथ रेंज को छह क्रू स्टेशनों में बांट दिया है। उन्होंने कहा कि फायर सीजन में वन कर्मी जंगलों में धूम्रपान करते नजर आया तो उसके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने फायर सीजन तक वन कर्मियों के अवकाश पर रोक लगा दी है।
रेंज कार्यालय बैजनाथ में रेंजर करायत की अध्यक्षता में हुई आग सुरक्षा समिति की बैठक में उन्होंने कहा कि वनों को आग से बचाने को विभाग तैयार है। विभागीय कर्मियों ने वनों में नियंत्रित फुंकान कार्य पूरा कर दिया है। विभाग ने रेंज क्षेत्र के हर गांव में आग सुरक्षा समिति का गठन कर दिया है। वनों को आग से बचाने में सहयोग देने वाली ग्राम पंचायत और वन पंचायत को विभाग इस बार पुरस्कृत करेगा। बैजनाथ रेंज को छह क्रु स्टेशनों में बांट दिया है। दावानल की दृष्टि से अति संवेदनशील वनों में विभाग शीघ्र फायरमैन की तैनाती करेगा। बैठक में चंदन सिंह टंगणिया, भैरव दत्त पांडे, रवि प्रसाद, हेमंत तिवारी, सुरेश गढ़िया, प्रेम सिंह आदि ने विचार रखे।