बागेश्वर। समस्याओं का समाधान न होने से मजदूरों में तीव्र रोष है। भारतीय मजदूर संघ की जिला इकाई ने डीएम के नाम का ज्ञापन उनके कार्यालय में सौंपा है। इसमें उन्होंने डीएम से लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान की मांग की है। मांग शीघ्र पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
डीएम को दिए ज्ञापन में मजदूरों ने श्रम विभाग का कार्यालय नियमित रूप से खोलने, मजदूरों के लंबित आवेदनों का निस्तारण शीघ्र करने, पंजीकृत मजदूरों को मिलने वाली सुविधाएं उन्हें शीघ्र देने, मजदूरों का पंजीकरण तहसील स्तर पर करने, बंदरों, सुअरों, सेही द्वारा फसलों को हुए नुकसान की भरपाई करने, पिछले वर्ष सूखे, अन्य आपदा से प्रभावित फसलों का मुआवजा शीघ्र देने, खरीफ फसलों के लिए किसानों को निशुल्क खाद, बीज उपलब्ध कराने, आवारा पशुओं का शीघ्र इंतजाम करने और पर्वतीय क्षेत्र को शराबमुक्त बनाने की मांग की है।
उन्होंने मांगें शीघ्र पूरी न होने पर 24 अप्रैल को जिला मुख्यालय पर जुलूस निकालकर आंदोलन की रणनीति तैयार करने की चेतावनी दी है। ज्ञापन में भारतीय खेतिहर मजदूर संघ के जिलाध्यक्ष विशन दत्त भट्ट, महामंत्री धीरज चंद्र जोश, जिला मंत्री भी भुवन कैड़ा आदि के हस्ताक्षर हैं।