कपकोट (बागेश्वर)। पीपीपी मोड के सीएचसी कपकोट के डॉक्टरों और कर्मचारियों को चार महीने से वेतन नहीं मिल सका है। वेतन न मिलने से उनमें भुखमरी की नौबत आ गई है। गुस्साए डॉक्टरों ने संस्था के प्रशासनिक निदेशक को ज्ञापन भेजा। इसमें उन्होंने वेेतन का शीघ्र भुगतान करने की मांग की है। वेतन का शीघ्र भुगतान न होने पर 17 अप्रैल से ओपीडी के बहिष्कार की चेतावनी दी है।
अस्पताल का संचालन गंगाशील अस्पताल बरेली के माध्यम से होता है। वहां के प्रशासनिक निदेेशक को भेजे ज्ञापन में डॉक्टरों, कर्मचारियों ने कहा कि उन्हें दिसंबर से वेतन का भुगतान नहीं हो सका है। वेतन न मिलने से उन्हें कई परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। वेतन के बगैर उनके सारे काम प्रभावित हो चुके हैं।
दुकानों से भी अब उन्हें जरूरी सामान भी उधार मिलना बंद हो गया है। वेतन के लिए उन्होंने 29 मार्च को ज्ञापन दिया था। इसमें वेतन का भुगतान शीघ्र न मिलने पर चार अप्रैल को ओपीडी के बहिष्कार चेतावनी दी गई थी। तब भुगतान तीन दिन के भीतर करने का आश्वासन दिया था, इसके बावजूद वेतन नहीं मिला है।
उन्होंने ज्ञापन में चेतावनी दी कि यदि वेतन का शीघ्र भुगतान नहीं किया गया तो 17 अप्रैल को आपातकालीन सेवा छोड़कर सभी सेवाओं का बहिष्कार किया जाएगा। चेतावनी देने वालों में डॉ. एनके उपाध्याय, डॉ. एसके वर्मा, डॉ. आलोक, डॉ. रोहित, डॉ. विक्की, डॉ. निशा किरन, डॉ. पंकज, फार्मेसिस्ट नीरज पांडे, स्टाफ नर्स हरिओम उपाध्याय, जीवन सिंह, गोकुल आर्या आदि थे।