गरुड़ के टीट बाजार में खाली बर्तन लेकर प्रदर्शन करती महिलाएं ।
गरुड़(बागेश्वर)। टीट बाजार क्षेत्र में पेयजल संकट से परेशान महिलाओं ने खाली बर्तनों के साथ सड़क पर उतरकर सांकेतिक प्रदर्शन किया। महिलाओं ने संबंधित विभाग और कर्मचारियों के खिलाफ नारेबाजी कर जल्द पेयजल आपूर्ति सुचारु करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो एसडीएम कार्यालय का घेराव कर जोरदार आंदोलन किया जाएगा।
शनिवार को प्रदर्शनकारी महिलाओं ने कहा कि लंबे समय से पर्याप्त पानी नहीं मिलने के कारण उनके रोजमर्रा के कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। पानी की बूंद-बूंद के लिए महिलाओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे क्षेत्रवासियों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। प्रदर्शन में बीना नेगी, भावना, बसंती रावत, तुलसी पांडे समेत कई महिलाएं मौजूद रहीं।
एई, अंजलि नेगी ने कहा कि हर घर नल, हर घर जल योजना की एक मोटर बीते 23 जुलाई को खराब हो गई थी, जिसकी रिवाइंडिंग के लिए बाहर से तार मंगाया जा रहा है।फिलहाल दूसरी मोटर से करीब 15 घंटे पंपिंग की जा रही है, लेकिन लगातार अधिक समय तक संचालन करने पर इस मोटर के भी खराब होने की आशंका बनी रहती है। इसलिए मोटर को ठंडा होने के लिए कम से कम आठ घंटे का विराम देना जरूरी है। खराब मोटर को जल्द से जल्द ठीक कर क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति को पूरी तरह सामान्य करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है।