बागेश्वर के अड़ौली में नौले में पानी भरने पहुंची महिलाओं को नौला समिति की जानकारी देते सरपंच पूर?
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। जिला मुख्यालय से लगे अड़ौली गांव में एक महीने से भी ज्यादा समय से पेयजल योजना से पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। पानी न आने से गांव के 45 परिवार परेशान हैं। पेयजल संकट से त्रस्त महिलाओं ने नौला समिति का गठन कर आंदोलन छेड़ने की चेतावनी दी है।
ग्राम प्रधान दीपा कठायत ने बताया कि अड़ौली गांव के लिए जखेड़ा पेयजल योजना से पानी की आपूर्ति की जाती है। योजना से पानी न मिलने के कारण लोग नौले और गोमती नदी से पानी जुटा रहे हैं। विभाग को कई बार सूचित किया गया लेकिन पेयजल आपूर्ति सुचारु नहीं की गई। शुक्रवार को वन पंचायत सरपंच पूरन सिंह रावल के नेतृत्व में गांव के नौले में एकत्र महिलाओं ने नौला समिति का गठन किया।
बसंती देवी को समिति का अध्यक्ष, सुनीता देवी को सचिव, राधा देवी, सुनीता देवी, बीना देवी को उपाध्यक्ष, बसंती रावल, कमला देवी, सुनीता रावल, राधा रावल, कमला पांडे, हेमा जोशी, मंजू जोशी, उमा कोरंगा आदि को सदस्य बनाया गया। समिति ने तीन दिन के भीतर पेयजल आपूर्ति न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। उधर, जल संस्थान के सहायक अभियंता चंदन सिंह देवड़ी ने कहा कि पहले अड़ौली गांव में 10 ही संयोजन थे। अब प्रत्येक परिवार जल जीवन मिशन से जुड़ गया है। इसलिए दिक्कत आ रही है। जखेड़ा पेयजल योजना जाख के पास क्षतिग्रस्त है। उसकी मरम्मत की जा रही है। फिलहाल लोगों को पंपिंग योजना से एक दिन छोड़कर पानी दिया जा रहा है।