बागेश्वर। श्रम विभाग के माध्यम से एनजीओ की ओर से आयोजित 50 दिवसीय सिलाई प्रशिक्षण का पूरा भुगतान नहीं मिलने पर महिला ट्रेनरों में रोष है। महिलाओं के समर्थन में कांग्रेसियोंने ने कार्यालय में धरना दिया। ट्रेनरों का बकाया भुगतान जल्द नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
बुधवार को श्रम विभाग में पहुंची प्रशिक्षु महिलाओं ने बताया कि उन्हें श्रम विभाग की ओर से एनजीओ के माध्यम से 50 दिन के प्रशिक्षण के लिए नियुक्त किया था। प्रशिक्षण के दौरान आने-जाने, भोजन, कमरे और सिलाई मशीनों समेत अन्य खर्चों का भुगतान किए जाने की बात कही गई थी। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद कुछ दिन पहले उन्हें केवल 10,000 रुपये का भुगतान किया गया। पूरा भुगतान नहीं मिलने से आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने विभाग से प्रशिक्षण से संबंधित सभी बकाया खर्चों का भुगतान करने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि गरीब महिलाओं का इस तरह उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मौके पर पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, बालकृष्ण, राजेंद्र टंगड़िया, ट्रेनर गंगा पंत, नीरू, प्रेमा देवी, नीमा देवी, काजल, पिंकी बिष्ट, बसंती जोशी, राधा देवी, प्रेमा परिहार, सरिता कांडपाल और कविता आदि मौजूद रहे।
कोट
संबंधित लोगों को बुलाकर प्रकरण की जानकारी ली जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। प्रशिक्षण से जुड़े लोगों का भुगतान रूका होगा तो उसे जल्द दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
........मोनिका चिलवाल, प्रभारी श्रम प्रवर्तन अधिकारी