बागेश्वर नगर में चल रही दुर्गा और देवी पूजा कमेटी की ओर से रविवार की रात को भव्य दीप दान व गंगा आरती का आयोजन किया गया। इस आयोजन को देेखने के लिए हजारों की संख्या में लोग जुटे। कपकोट, खरेेही पट्टी के जोशीगांव स्थित भवगती मंदिर और छानी के कालिका मंदिर में दुर्गा पूजा महोत्सवों में पूजार्थियों की भारी भीड़ जुटी।
रविवार की रात्रि बागेश्वर के सरयू घाट में गंगा आरती व दीपदान का भव्य आयोजन किया गया। दुर्गा पूजा कमेटी की ओर से सरयू नदी के दोनों घाटों को हजारों दीपों से विशेष रूप से सजाया गया। इस दौरान जोरदार आतिशबाजी की गई। दीपों की रोशनी और आतिशबाजी से पूरा सरयू घाट जगमगा उठा।
दीपदान कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक चंदन राम दास व मुख्यमंत्री के निजी सचिव रंजीत दास ने संयुक्त रूप से किया। नगर के नुमाईशखेत मैदान में पीपल पेड़ के समीप दुर्गा पूजा कमेटी और आशीर्वाद भवन में देवी पूजा कमेटी की ओर से आयोजित दुर्गा पूजा महोत्सव में सोमवार को भी श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने दोपहर में हवन यज्ञ व शाम के समय विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। वहां कमेटी के अध्यक्ष राजू कर्म्याल, देवी पूजा कमेटी के अध्यक्ष सूरज जोशी, सुनील वर्मा, नवीन साह, गोविंद कठायत, उमेश साह आदि मौजूद थे।