प्रदेश के मुख्यमंत्री हरीश रावत मंगलवार को सानीउडियार के भेटा गांव में गला काटकर मार दिए गए दलित युवक के घर जाकर परिजनों से मिलेंगे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए जिला प्रशासन ने गांव से कुछ दूरी पर अस्थाई हेलीपैड तैयार कर लिया है। मालूम हो कि पांच अक्तूबर की शाम को सानीउडियार के भेटा गांव में गेहूं पिसाने चक्की में गए दलित युवक सोहन राम की शिक्षक ललित कर्नाटक ने गला काटकर हत्या कर दी थी। इस घटना के बाद से पूरा क्षेत्र स्तब्ध है।
पिछले पांच दिनों से मृतक युवक के परिजनों केे सांत्वना देने के लिए लोगों का तांता लगा हुआ है। तमाम क्षेत्रवासियों सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के लोग मृतक की पत्नी मीना देवी, पिता फकीर राम और माता शांति देवी को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं। दलित युवक के परिजनों को सांत्वना देने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री हरीश रावत मंगलवार को भेटा गांव पहुंचेंगे।
सीएम के कार्यक्रम को देखते हुए जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी भूपाल सिंह मनराल, पुलिस अधीक्षक सुखवीर सिंह और एसडीएम फिंचा राम चौहान ने क्षेत्र में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। भेटा गांव से लगभग पांच सौ मीटर की दूरी पर खेतों में अस्थाई हेलीपैड बनाया गया है। तय कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री हरीश रावत हेलीकॉप्टर से 10.30 बजे बागेश्वर के लिए रवाना होंगे। 11.30 बजे उनका हैलीकॉप्टर भेटा गांव के समीप खेतों में बनाए गए अस्थाई हैलीपैैड में उतरेगा।
वहां से 11.35 बचे वे कार से भेटा गांव में मृतक सोहन राम के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना देंगे। लगभग 12.30 बजे हैलीकॉप्टर से नैनीताल के लिए रवाना हो जाएंगे। सीएम का कार्यक्रम तय होने के बाद एडीएम एसएस जंगपांगी ने सभी विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को पूरी सूचना के साथ मौके पर मौजूद रहने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए कपकोट के विधायक ललित फर्स्वाण और जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी सहित तमाम जनप्रतिनिधि भी कांडा पहुंच गए।