बागेश्वर। केएमवीएन कर्मचारी महासंघ की बैठक में 11 सूत्रीय मांगों के पूरा नहीं होने पर निगम प्रशासन के खिलाफ गहरी नाराजगी जताई गई। महासंघ के अध्यक्ष ने इस उपेक्षा के खिलाफ आगामी 26 जुलाई से निगम मुख्यालय नैनीताल में आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी।
केएमवीएन कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष एवं राज्य आंदोलनकारी दिनेश गुरुरानी ने कहा कि निगम में कार्यरत संविदा कर्मचारियों का नियमितीकरण, चतुर्थ श्रेणी से तृतीय श्रेणी में 50 प्रतिशत विभागीय प्रमोशन, वर्ष 2001 से वर्तमान समय तक संविदा कर्मचारियों की वरीयता सूची जारी करने, विभागीय प्रमोशन सहित निगम कर्मचारी महासंघ की 11 सूत्रीय मांगों को उठाया जा रहा है।
लेकिन अभी तक इन मांगों पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि यदि इन मांगों को निगम प्रशासन पूरा नहीं करता है 26 जुलाई से निगम कर्मचारी महासंघ निगम मुख्यालय नैनीताल में आंदोलन शुरू कर देगा। उन्होंने कहा कि निगम में फिजूलखर्ची बढ़ गई है।
भाई- भतीजावाद के तहत निगम प्रशासन अपने चहेतों को संविदा के नाम पर बिना योग्यता व मानकों के भर्ती कर रहा है। इसका महासंघ पुरजोर विरोध करेगा। बैठक में जिलाध्यक्ष अनिल साह, महामंत्री इंद्र सिंह बिष्ट, संरक्षक गोविंद सिंह बाफिला, चंदन गड़िया, प्रमोद पांडेय, सुरेंद्र नेगी, प्रवीण कोरंगा, उत्तम सिंह बिष्ट, राजेंद्र बिष्ट आदि कर्मचारियों ने अपने विचार रखे।