बागेश्वर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार आने वाली पीढ़ी को पूरी तरह से सुरक्षित माहौल वाला उत्तराखंड देने के लिए वचन बद्ध है। प्रदेश की डेमोग्राफी को किसी भी कीमत पर बदलने नहीं दिया जाएगा। पूर्व की सरकारों ने वोट बैंक की राजनीति के चलते इस पर कार्य नहीं किया। अतिक्रमण हटाने का अभियान भी इसी लिए चलाया गया है।
बागेश्वर दौरे के पहले दिन पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए सीएम धामी ने कहा कि प्रदेश में सुनियोजित षडयंत्र के चलते और धार्मिक स्ट्रक्चर की आड़ लेकर जरूरत से अधिक किराया देकर यहां की डेमोग्राफी को खराब करने का काम किया गया है।
अब इसके खिलाफ सख्त अभियान चलाया गया है। जो भी लोग इसमें लिप्त हैं उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कहा कि 10 हजार हेक्टेयर जमीन अतिक्रमण मुक्त करा दी है।
बागेश्वर के बारे में उन्होंने कहा कि जिले में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे लोगों, विभिन्न संगठनों के लोगों से मिलकर सुझाव लिए जा रहे हैं।
जिले में विभिन्न क्षेत्रों में विकास की अपार संभावनाएं हैं। कीवी मिशन, एप्पल मिशन क्षेत्र में जिले में बेहतर कार्य हुआ है। महिलाएं स्वयं सहायता समूह के माध्यम से अच्छा कार्य कर रही हैं। सरकार की योजनाएं धरातल पर उतरें, विकास के कार्य तेजी से हों, सड़कों की हालत अच्छी हो, लोगों को कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़े इसको लेकर कार्य किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एसआईआर चुनाव आयोग का मामला है। प्रदेश में पहले से ही राशन कार्ड, आधार कार्ड, वोटर आईडी का सत्यापन चल रहा है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष प्रभा गढि़या, विधायक पार्वती दास, सुरेश गढि़या आदि मौजूद रहे।