गरुड़/बागेश्वर। संविदा बिजली कर्मी को बेरहमी से पीटने वाले बैजनाथ के लाइन हाजिर एसओ एसएस कुशवाहा के निलंबन की मांग जोर पकड़ने लगी है। उत्तराखंड बिजली कर्मचारी संगठन ने मांग पूरी न होने पर प्रदेश भर में बिजली सप्लाई ठप करने की धमकी दी है। साथ ही मांग के समर्थन में नारेबाजी भी की। उत्तराखंड बिजली कर्मचारी संगठन की जिला इकाई ने शुक्रवार को प्रदेश के राज्यपाल को ज्ञापन भेजा। इसमें कहा गया है कि संविदा बिजली कर्मी अनिल पंत मंगलवार को कोट भ्रामरी मंदिर से बिजली का काम कर अकेले घर लौट रहा था।
तभी बैजनाथ के लाइन हाजिर एसओ उसे थाने ले गए और वहां उसकी बेरहमी से पिटाई कर घायल कर दिया। जिसका चार दिन से इलाज कराया जा रहा है। इसके बावजूद अपने को बचाने की नीयत से एसओ ने बिजली कर्मी के खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज करवा दिया। छात्रसंघ गरुड़ के अध्यक्ष दीपक खुल्बे, व्यापार संघ के जिलाध्यक्ष नवीन ममगई, भाजपा के मंडल अध्यक्ष मंगल राणा, व्यापार संघ गरुड़ के नगर अध्यक्ष अखिल जोशी, व्यापार संघ गागरीगोल ने एसपी से आरोपी एसओ को तत्काल निलंबित करने की मांग की है।
इधर, बेरोजगार संघ बागेश्वर के जिलाध्यक्ष सुनील पांडे, विनोद कांडपाल ने भी उनकी मांग को वाजिब बताया है। सीओ धनी राम ने बताया कि मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है। वहीं बागेश्वर के बिजली घर में हुई विद्युत अधिकारी कर्मचारी संगठन ने विरोध-प्रदर्शन कर घटना की निंदा की।
मांग पूरी न होने पर प्रदेश भर में ब्लैकआउट समेत कानूनी कार्रवाई की भी चेतावनी दी। प्रदर्शन करने वालों में ललित पांडे, आनंद खाती, मदन जोशी, रमेश मेहता, जीवन रावत, आनंद आर्य, देवेंद्र सिंह, ताराप्रसाद, पूरन, राजेंद्र धामी, मदन सिंह बिष्ट, सुरेश उपाध्याय, भुवन चंदोला, सुंदर सिंह, गोकुलानंद उपाध्याय, नरेंद्र असवाल, भुवन जोशी, जीवन नेगी, मोहन रावत आदि थे।