जिला पुस्तकालय में वाई फाई सेवा का शुभारंभ करते राज्य सभा सांसद।
- फोटो : amar ujala
जिला पुस्तकालय में अब फ्री वाई फाई की सुविधा मिलेगी। वाई फाई सुविधा का शुभारंभ राज्यसभा सांसद प्रदीप टम्टा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पुस्तकालय आने वाले छात्र-छात्राएं और अन्य सदस्य वाई फाई सुविधा से फ्री इंटरनेट सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।
उन्होंने बताया कि वर्तमान दौर डिजिटल तकनीक का है। पुस्तकालय में आने वाले सदस्यों को इस तकनीक का लाभ मिल सके, इसके लिए फ्री वाई फाई सेवा शुरू की गई है। अब पुस्तकालय आने वाले सदस्य किताबों के साथ ही अपने फोन पर इंटरनेट के माध्यम से देश-दुनिया में होने वाली विभिन्न प्रकार की गतिविधियों से भी रूबरू हो सकेंगे।
छात्र-छात्राएं जो पुस्तक यहां पर उपलब्ध नहीं है, उसे एक क्लिक पर इंटरनेट के माध्यम से भी पढ़ सकते हैं। पुस्तकालय में सांसद निधि से दी गई दो लाख रुपये की धनराशि से पुस्तकालय में कार्यदायी संस्था जिला पंचायत की ओर से चार कंप्यूटर उपलब्ध कराए गए हैं।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, ब्लाक प्रमुख रेखा खेतवाल, पालिकाध्यक्ष गीता रावल, पूर्व दर्जा राज्य मंत्री राजेंद्र टंगड़िया, कांग्रेस जिलाध्यक्ष लोकमणि पाठक, विनोद पाठक, डीडीओ केएन तिवारी, एसडीएम एसएस राणा, पुस्तकालय प्रभारी किशन चंद्र बचखेती आदि थे।