बागेश्वर से खोली जाने वाली सड़क पर हो रहा भूस्खलन।
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। थुनाई-महीनिया-खोली-रूनीखेत रिंग रोड पर जल्थी गधेरा भटोली के पास भूस्खलन हो गया। सड़क पर मलबा आने से गांव का संपर्क मार्ग बंद हो गया। यह काकड़ा, खोली, अमतौड़ा, बेलता, वजीगांव, मजबे और डूंगरगांव के ग्रामीणों को जोड़ने वाली एकमात्र सड़क है। ग्रामीणों का आरोप है कि आपदा प्रबंधन एवं लोनिवि को बताने के बावजूद सड़क नहीं खोली जा सकी।
मार्ग में फंसे कई वाहनों को ग्रामीणों की मदद से निकाला गया जबकि कुछ वाहनों को लौटना पड़ा। मलबे से निकासी नाली भी बंद हो गई। सड़क की सुरक्षा दीवार टूटने लगी है। स्रोतों में मलबा आने से पेयजल संकट भी गहराने लगा है लोग पानी के लिए भी परेशान हो रहे हैं। सप्ताहभर से पहाड़ी दरक रही है। इस कारण वहां आए दिन मलबा गिर रहा है। कई पेड़ भी सड़क पर गिरे। निवर्तमान ग्राम प्रधान कुंवर सिंह परिहार, कमलेश कांडपाल, भगवत सिंह परिहार, रमेश चंद्र, दीवान परिहार आदि ने मलबा नहीं हटाने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
यहां भी दिक्कतें
द्यांगण के सामाजिक कार्यकर्ता संजय परिहार ने बताया कि सात, गुनाकोट भीयड़ी, चामी क्षेत्र की सड़क बहुत खराब है। गुनाकोट, चामी में बिजली की समस्या हमेशा रहती है। पेयजल के पाइप लीक हो रहे हैं। भीयड़ी और चामी के लिए इंटर कॉलेज कवैराली से लिंक रोड की जरूरत है, जिसे प्राथमिक स्वस्थ केंद्र तक भी बीमार लोग आसानी से पहुंच सकें।