बागेश्वर शहर में जाम से जूझते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
जाम के झाम से जूझ रही जनता को निजात नहीं मिल पा रही है। बागेश्वर की सड़कों पर यातायात के नियम बेअसर हो गए हैं। व्यापार मंडल समेत विभिन्न सामाजिक संगठनों ने शहर को जाम की समस्या से जल्द निजात दिलाने की मांग की है।
नगर में बढ़ते वाहनों के दबाव के चलते दिनभर में कई बार जाम लगता है। तहसील रोड, दुग बाजार, एसबीआई तिराहा, माल रोड समेत मुख्य सड़कों पर जाम की समस्या अधिक रहती है। इससे आवागमन में क्षेत्रवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। यातायात पुलिस के प्रयास भी लोगों को समस्या से निजात नहीं दिला पा रहे हैं। व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष भूपेंद्र बबलू जोशी का कहना है कि जाम के कारण स्थानीय निवासियों से लेकर यात्री, पर्यटक और पैदल चलने वाले तक परेशान रहते हैं। उन्होंने प्रशासन से जाम के झाम से जल्द निजात दिलाने की मांग की।
अधूरा पड़ा रिंग रोड का निर्माण
बागेश्वर। शहर में प्रस्तावित रिंग रोड के निर्माण से इस समस्या से बड़ी हद तक निजात मिल सकती है। लेकिन इसका पूरा निर्माण न होने से नगर में वाहनों का दबाव कम नहीं हो रहा है। रिंग रोड के अभाव में टैक्सी और भार वाहक वाहनों को नगर के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। दूसरी ओर पार्किंग की व्यवस्था नहीं होनेे से अधिकांश वाहन सड़क किनारे ही खड़े रहते हैं। ब्यूरो
कोट
बागेश्वर में जाम बड़ी चुनौती है। इससे निबटने के लिए पुलिस अपने स्तर पर कार्य कर रही है। बाइपास, रिंग रोड के साथ ही पार्किंग स्थलों के निर्माण के बाद ही स्थायी तौर पर इससे निजात सकती है।
पंकज भट्ट, प्रभारी एसपी, बागेश्वर