बागेश्वर। भारी बारिश से बागेश्वर नगर और ग्रामीण क्षेत्र को पानी की आपूर्ति करने वाली जल संस्थान की दो योजनाएं सिल्ट घुसने से प्रभावित हैं और तीन योजनाएं क्षतिग्रस्त हो गई हैं। पालिका की मजियाखेत योजना भी क्षतिग्रस्त है। योजनाएं क्षतिग्रस्त होने से सरयू और गोमती के संगम में बसे बागेश्वर में पीने के पानी के लिए हाहाकार मच गया है। करीब 40 हजार की आबादी पानी को तरस रही है।
सोमवार की रात हुई जबरदस्त बारिश से खरही पंपिंग योजना, कठायतबाड़ा पेयजल योजना में सिल्ट भरने से पानी की आपूर्ति ठप हो गई है। बागेश्वर नगरीय-अमसरकोट, जखेड़ा और जजी पेयजल योजना क्षतिग्रस्त हो गई है। योजनाओं से पानी की आपूर्ति में आए व्यवधान से बागेश्वर में पीने के पानी के इंतजाम के लिए लोगों को पसीना बहाना पड़ रहा है। हैंडपंपों, जलधारों में सुबह से ही लोगों का तांता लगा हुआ है। जल संस्थान टैंकरों के माध्यम से पानी वितरित कर रहा है। जल संस्थान के सहायक अभियंता दीन दयाल ने बताया कि सभी योजनाओं की मरम्मत का काम चल रहा है। जल्द ही योजनाओं की मरम्मत कर ली जाएगी।
तहसील रोड का हैंडपंप खराब हुआ तो होगी मुश्किल
बागेश्वर। तहसील रोड पर लोनिवि आवासीय कालोनी के समीप स्थित हैंडपंप खराब होने की स्थिति में पहुंच गया है। इस हैंडपंप का जल शीतल होने के कारण इस पर लोगों का सबसे अधिक दबाव रहता है। पिछले कुछ दिन से इस हैंडपंप में पानी कम हो गया है। हैंडपंप की चेन अड़ रही है। हैंडपंप कभी भी खराब हो सकता है। जल संस्थान के एई दीन दयाल ने बताया कि एक-दो दिन में टीम जिलो में पहुंच रही है। हैंडपंप को ठीक कर लिया जाएगा।
कांग्रेसियों ने पेयजल संकट को लेकर प्रदर्शन किया
बागेश्वर। कांग्रेसियों ने जिला मुख्यालय के साथ ही गरुड़, खरही, कांडा और कपकोट क्षेत्र में पानी की समस्या को लेकर प्रदर्शन करते हुए जल्द पेयजल लाइनों की मरम्मत करने की मांग की है। बुधवार को कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री बालकृष्ण के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। एसडीएम को दिए ज्ञापन में कहा है कि आठ और नौ अगस्त की भारी बारिश से जिले के कई क्षेत्रों में पेयजल लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। पानी न मिलने से नगर समेत अन्य स्थानों पर लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। इन लोगों ने पेयजल लाइनों की मरम्मत कर पेयजल आपूर्ति सुचारू करने की मांग की है। प्रदर्शन में सांसद प्रतिनिधि महेश पंत, कांग्रेस के जिला सचिव धीरज कुमार, बहादुर सिंह, दर्शन टम्टा, जगदीश पांडेय, गीतांजलि, गौरव पाठक, अर्जुन देव शामिल थे। संवाद