बागेश्वर। बारिश होते ही सड़कों में जलभराव हो रहा है। आए दिन सड़कों पर बने गड्ढे आम लोगों समेत वाहन चालकों को परेशानी बढ़ा रहे हैं। जिला मुख्यालय के विकास भवन रोड, कठायतबाड़ा रोड, पिंडारी रोड पर बने गड्ढों में जलभराव विभाग सड़कों की बदहाली की दास्तां बया कर रहा है, जिसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
सोमवार शाम से मौसम ने अचानक करवट बदली। सुबह से ही घने बादल आसमान में छाए हुए थे और शाम करीब छह बजे से बारिश शुरू हो गई, जिससे नगर की सड़कों पर जगह-जगह जलभराव हो गया। इससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़कों के किनारे बनी नालियां चोक होने से कीचड़ बढ़ रहा है। विकासभवन मार्ग पर जलभराव से लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लोग बोले...
- सड़कों पर जलभराव से आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वाहन चालकों के गड्ढों में फिसलने से चोटिल होने का भय बना हुआ है। - हिमांशु गनघरिया, स्टेशन रोड
- अधिकतर सड़कें बदहाल और नालियां चोक हैं, जिनमें बारिश होते ही जलभराव हो रहा है। इससे दोपहिया चालकों को अधिक परेशानी हो रही है। - ललित तिवारी, विकास भवन रोड
- जिला मुख्यालय में अधिकतर सड़कों पर गड्ढे बने हैं। बारिश होते इनमें जलभराव होता है, जिससे आम लोगों समेत स्कूली बच्चे भी परेशान हो रहे हैं। - बसंत पांडेय, कठायतबाड़ा
- विकास भवन रोड के गड्ढों को जल्द भरा जाना चाहिए। धरमघर से बालीघाट रोड के किनारे भी नालियां न बनने से बारिश के समय पानी सड़कों के गड्ढों में भर जाता है। - चंद्रशेखर पांडे, बागेश्वर
बदहाल सड़क और गड्ढे बने जानलेवा
कपकोट। क्षेत्र के बालीघाट-धरमघर रोड लोनिवि विभाग की अनदेखी से खस्ताहाल है। इस रोड की मरम्मत के लिए कई बार शिकायत की गई है, बावजूद कार्रवाई नहीं की जा रही है। सामाजिक कार्यकर्ता चंद्रशेखर पांडेय ने बताया कि कई स्थानों पर सड़क जानलेवा हो रही है। पचार गांव में रोड के बीच में बना गड्ढा परेशानी का सबब बना हुआ है। महतगांव पुल के पास बने गड्ढे में काफी समय से भराव नहीं किया गया है। दोफाड़ गधेरा और नाले में सरिया दिखाई दे रहा है। धरमघर से बालीघाट तक रोड में कही भी सड़क किनारे नाली नहीं बनाई गई है। ग्रामीण भगवत सिंह भाकुनी, योगेश जोशी, मोहन सिंह बोरा, देवेंद्र सिंह चौहान, जयंत सिंह, ललित पांडे, समीर पांडे, पंकज पांडे, राजेंद्र पांडे आदि ने बदहाल सड़क और गड्ढों की मरम्मत करने की मांग की। संवाद