कपकोट के दुणी-सुकुंडा मोटरमार्ग में नाली बनाने के दौरान ग्रामीण को समझाते एसडीएम। स्रोत-प्रशासन
बागेश्वर। कपकोट के दूणी-सुकंडा सड़क पर कलवर्ट और नालियों के बंद होने से बारिश का पानी लोगाें के घरों में घुस गया। लोनिवि की टीम नाली खुलवाने गई तो उन्हें ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। एसडीएम और पुलिस की मौजूदगी में नाली और कलवर्ट खुलवाकर पानी को घरों की ओर बहने से रोका गया।
शनिवार की रात से भारी बारिश हो रही है। दूणी-सुकंडा सड़क के समीप बने घरों की ओर पानी बहने लगा। ग्रामीण महिमन कपकोटी ने बताया कि आसपास रहने वालों ने लोनिवि को इसकी सूचना दी। लोनिवि के कर्मचारी मौके पर गए तो वहां नालियों में निर्माण सामग्री और मलबा रखा मिला। कर्मचारी इसे हटाने लगे तो एक बुजुर्ग ग्रामीण विरोध पर उतर आए। प्रभावित ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। कर्मचारियों की सूचना के बाद एसडीएम अनिल सिंह रावत, लोनिवि के अधिकारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस की मौजूदगी में कलवर्ट और नालियों पर हुए अतिक्रमण को हटाकर नालियों को खुलवाया गया। एसडीएम ने बताया कि अधिकांश स्थानों पर कलवर्टों में अतिक्रमण के कारण दिक्कत है। ऐसे कलवर्ट और नालियों को चिह्नित कर खुलवाया जा रहा है। अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।