पेयजल किल्लत से गुस्साए मंडलसेरा के लोगों ने यहां जल संस्थान कार्यालय पर प्रदर्शन किया। नागरिकाें का कहना है कि पेयजल व्यवस्था को शीघ्र सुचारु नहीं किया तो वह आंदोलन को मजबूर होंगे।
मंडलसेरा के तमाम ग्रामीण बुधवार सुबह जल संस्थान कार्यालय पर पहुंचे। वहां उन्होंने पेयजल दिलाने की मांग को लेकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मंडलसेरा के मलड़ाखोला, कन्यालखोला आदि इलाकों में जल संस्थान की योजना से पानी दिया जाता है। पिछले महीने से ही वहां पेयजल की किल्लत बनी है।
ग्रामीणों के अनुसार वह कई बार जल संस्थान के जेई, फील्ड कर्मचारियों को बता चुके हैं, लेकिन पेयजल आपूर्ति सुचारु नहीं हुई है। अब गर्मी बढ़ने के कारण समस्या गंभीर होती जा रही है। पानी के लिए श्रीनौला सहित अन्य श्रोतों पर जाना पड़ रहा है। कार्यालय मेें जल संस्थान के अधिकारी न होने के कारण लोग कर्मचारियों को ही ज्ञापन सौंपकर चले गए।
ग्रामीणों ने कहा कि संकट का शीघ्र समाधान न हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में किशन गिरि, तिलगिरि, विशन सिंह मलड़ा, गोविंद सिंह, पान सिंह, शेर सिंह मलड़ा, अजय थापा, प्रताप सिह मलड़ा, नीमा धपोला, मनीष मनराल, सुंदर गोस्वामी आदि शामिल थे।