water crisis continues in bageshwar
बागेश्वर। क्षतिग्रस्त हुई अमसरकोट पेयजल योजना 13 दिन बाद भी ठीक नहीं हो सकी है। शनिवार को नगर के कई हिस्सों में पानी की आपूर्ति ठप रही। पानी के लिए हाहाकार मचा है। लंबे समय से पानी नहीं मिलने के कारण लोगों को भारी दिक्कतों से जूझना पड़ रहा है। लोग तहसील रोड स्थित हैंडपंप और माघ के धारे से पानी ढोने तो मजबूर हैं। उपभोक्ताओं ने पेयजल आपूर्ति जल्द सुचारु नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
भूस्खलन होने से अमसरकोट पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। इस कारण तहसील रोड, पालनीकोट आदि क्षेत्रों में 13वें दिनों से पेयजल आपूर्ति ठप पड़ी है। कई दिनों से पानी न मिलने के कारण लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। तहसील रोड स्थित हैंडपंप और माघ के धारे में पानी भरने के लिए सुबह से ही लोगों की भीड़ जमा हो रही है। कई घंटे इंतजार करने के बाद लोगों को पानी मिल रहा है। जल संस्थान ने प्रभावित क्षेत्रों में टैंकर से पानी देने की व्यवस्था की है लेकिन इसका लाभ सिर्फ सड़क किनारे रहने वाले लोगों को ही मिल पा रहा है। उपभोक्ताओं ने पेयजल आपूर्ति जल्द सुचारु नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
उपभोक्ताओं ने कहा कि पानी नहीं आने की शिकायत कई बार जल संस्थान में की गई लेकिन क्षतिग्रस्त योजना को ठीक नहीं कराया जा रहा है। इधर जल संस्थान के जेई भुवन भट्ट ने बताया कि क्षतिग्रस्त अमसरकोट पेयजल योजना की मरम्मत करने के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द पेयजल आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।