बागेश्वर। लीसा श्रमिकों को लीसा ढुलान कार्य का आंशिक भुगतान अब तक नहीं किया गया है। इस कारण वह आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। श्रमिक ठेकेदार लीसा वेलफेयर सोसायटी की जिला इकाई ने प्रमुख वन संरक्षक देहरादून को ज्ञापन भेज कर लीसा श्रमिकों को जल्द भुगतान करने की मांग की।
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि लीसा आमद विभाग द्वारा निर्धारित लक्ष्य पूरा कर लिया है। करीब 95 प्रतिशत ढुलान का कार्य पूरा हो चुका है। इसके बावजूद श्रमिकों को आंशिक भुगतान अभी तक नहीं किया गया है। इससे उनकी आर्थिक स्थिति खराब होते जा रही है। पिछले साल जुलाई माह में भुगतान कर दिया गया था।
इस बार अब तक भुगतान नहीं करने से लीसा श्रमिकों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि दीवाली का सीजन नकदीक है। श्रमिकों को भुगतान नहीं होने के कारण वह दीवाली कैसे मनाएंगे। उन्होंने त्योहारी सीजन के मद्देनजर श्रमिकों को जल्द से जल्द भुगतान करने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि यदि लीसा श्रमिकों को जल्द भुगतान नहीं किया गया तो वह आंदोलन करने को मजबूर होंगे। ज्ञापन देने वालों में सोसायटी के जिलाध्यक्ष दयाल चंद्र, टीका राम, केदार सिंह, प्रताप सिंह, दर्शन सिंह, लीलाधर, उत्तम सिंह, सोबन सिंह, महेंद्र सिंह, लक्ष्मण कुमार आदि शामिल हैं।