सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करते बच्चे
- फोटो : अमर उजाला
जनपद में राज्य स्थापना दिवस की 16 वीं वर्षगांठ हर्षोल्लास के साथ धूमधाम से मनाई गई। श्रम, सेवायोजन मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल ने बतौर मुख्य अतिथि नुमाईशखेत मैदान में कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
उन्होंने कहा कि आज उन शहीदों को याद करने का दिन है जिन्होंने अपने त्याग और बलिदान के द्वारा अलग उत्तराखंड राज्य का सपना पूरा किया।
इस अवसर पर सूचना एवं लोक संपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित विकास पुस्तिका ‘‘बढ रहा है उत्तराखंड जन-जन के संग’’ का विमोचन व वितरण किया गया। राज्य सभा सांसद प्रदीप टम्टा ने कहा कि आज का दिन उत्तराखंड का ऐतिहासिक तौहफाई दिन है। बागेश्वर के विधायक चंदन राम दास ने कहा कि राज्य स्थापना का मुख्य उद्देश्य पर्वतीय क्षेत्र से पलायन को रोकना है। जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने कहा कि आज के इस दिन पर हमें गर्व होना चाहिए राज्य के निर्माण पर अपनत्व की भावना आनी चाहिए।
जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा गौरादेवी कन्याधन के 20 छात्राओं को 50-50 हजार की धनराशि के चैक वितरित किए गए। इस अवसर पर स्वच्छ भारत मिशन के तहत खुले में शौच से मुक्त 14 ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों को प्रशस्ति पत्र एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। क्रीडा विभाग के तत्वाधान में क्रास कंट्री रेस आयोजित की गई। जिसमें 12 वर्ष बालक आयु वर्ग में युवराज सिंह, मयंक पाण्डे, विवेक कुमार, अंडर 14 आयु वर्ग में मोहनपुरी गोस्वामी, हिमांशु दानू ,गौरव सिंह, अंडर 16 आयु वर्ग में गौरव बिष्ट, तनुज कुमार, भरत लाल ने क्रमश: पहला दूसरा तीसरा स्थान प्राप्त किया ।