कपकोट-दूणी सड़क के धरखोला में धंसने के कारण नगर पंचायत की पेयजल लाइन के पाइप दब गए हैं। पानी की आपूर्ति चरमराने से लोगों को कई परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं।
जानकारी के अनुसार पिछले दिनों हुई भारी बारिश से कपकोट-दूणी सड़क की दीवार धरखोला के पास धंस गई।
दीवार धंसने से पेयजल लाइन दब गई है। पाइपों के दबने से मंडलसेरा, तिरूवाण और कपकोट बाजार क्षेत्र में पानी की आपूर्ति बुरी तरह चरमरा गई है। नलों में पानी न आने के कारण सड़क के किनारे लगे हैंडपंपों में पानी भरने वालों की भीड़ लग रही है। सभासद बलवंत कपकोटी, दीपा तिरूवा और भाजयुमो के नगर अध्यक्ष तनुज तिरूवा ने पेयजल संस्थान को योजना शीघ्र दुरूस्त करने को कहा है।
उधर पेयजल संस्थान के ईई केएस खाती ने बताया कि संबंधित जेई को योजना शीघ्र सुचारु करने के निर्देश दिए गए हैं।