बागेश्वर। नगर के गरुड़ रोड पर निर्माणाधीन पार्किंग का कार्य पांच साल से बजट के अभाव में अटका हुआ है। पार्किंग नहीं होने से लोग सड़क किनारे वाहन पार्क करने को मजबूर हैं। इससे जाम की समस्या गंभीर होती जा रही है। जाम लगने से वाहन चालकों और लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
नगर में जाम की समस्या को देखते हुए वर्ष 2020 में शासन ने गरुड़ रोड पर 60 वाहनों की क्षमता का दो मंजिला पार्किंग निर्माण के लिए 2.12 करोड़ रुपये मंजूर किए थे। पहली किस्त के रूप में 50 लाख रुपये की धनराशि जारी की गई। साल 2020 में पार्किंग का कार्य शुरू हुआ। 2021 में पार्किंग के भूतल का निर्माण हो पाया। इसके बाद धन नहीं मिलने से निर्माण कार्य रुक गया। पालिका ने शासन से राशि मिलने की उम्मीद में 47 लाख रुपये अपने बजट से खर्च कर डाले लेकिन बजट अब तक नहीं मिला। इस कारण बीते चार सालों से निर्माण कार्य रुका हुआ है।
इधर सड़क किनारे वाहन पार्क होने से नगर में जाम लगने की समस्या बनी हुई है। कई बार जाम लगने से नगर में आने वाले लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ती है। संवाद
-
पार्किंग के निर्माण में बजट की कमी के बारे शासन को अवगत कराया गया है। शासन से पार्किंग के निर्माण के लिए दोबारा से आंगणन तैयार करने के निर्देश प्राप्त हुए हैं। शेष कार्यों का आंगणन तैयार कर शासन को भेजा जाएगा। बजट आवंटन होने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
-सुरेश खेतवाल, पालिकाध्यक्ष, बागेश्वर
.