एमओ की रसीद दिखाते नंदा बल्लभ।
- फोटो : amar ujala
कपकोट से पिथौरागढ़ के लिए तीन माह पूर्व भेजा गया मनीआर्डर अभी तक नहीं पहुंचा है। इससे बेहतर सेवाएं देने का दावा करने वाले डाक विभाग की कार्यप्रणाली उजागर हो गई है। कपकोट के हिचौड़ी निवासी नंदा बल्लभ तेवाड़ी ने भराड़ी पोस्टआफिस से 17 मार्च 2017 को पिथौरागढ़ के ऐंचोली निवासी कमला देवी को भिटौली के 251 रुपए मनीआर्डर से भेजे, लेकिन यह मनीआर्डर कमला देवी को अभी तक नहीं मिला है।
कपकोट से पिथौरागढ़ की दूरी लगभग 150 किमी है। नंदा बल्लभ तेवाड़ी ने बताया कि तीन माह पूर्व भेजा गया मनीआर्डर अभी तक नहीं मिला है। उन्होंने इसे विभाग की घोर लापरवाही बताया है। इधर भराड़ी पोस्टआफिस के पोस्टमास्टर ललिता प्रसाद ने बताया कि पोस्टआफिस से सभी तरह की डाक काठगोदाम भेजी जाती है। एमओ नहीं पहुंचने की शिकायत उनके पास नहीं आई है। रसीद नंबर के आधार पर स्थिति का पता चलेगा। एमओ डिलीवर क्यों नहीं हुआ इसकी जांच की जाएगी।