बागेश्वर। राजस्व पुलिस की हिरासत में हुई मौत का मामला उलझ गया है। मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस ने मृतक का विसरा जांच के लिए रुद्रपुर भेजा है। विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा।
जिले के काफलीगैर तहसील परिसर के एक कमरे में 29 मई को हिरासत में रखे गए तालबपुर (जसपुर) निवासी भोपाल सिंह चौहान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उस पर स्थानीय विवाहिता को भगा ले जाने का आरोप था। राजस्व पुलिस ने तब घटना को आत्महत्या बताया था जबकि मृतक के पुत्र जितेंद्र सिंह चौहान ने राजस्व पुलिस पर हत्या का आरोप लगाते हुए झिरौली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। झिरौली के थानाध्यक्ष मदन लाल ने बताया कि मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है। रिपोर्ट में हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। मृतक का विसरा जांच के लिए फोरेंसिक साइंस लैबोरेटरी रुद्रपुर भेजा गया है। विसरे की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही इस मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।