लमगड़ा ब्लॉक अल्मोड़ा के ग्राम चौकुना निवासी 87 वर्षीय आमा विशना देवी को डोली से पोलिंग बूथ तक लात?
- फोटो : BAGESHWAR
जैंती /अल्मोड़ा। पंचायत चुनाव को लेकर 87 साल की विशना देवी में जबरदस्त उत्साह दिखाई दिया। ग्रामीण विशना देवी को घर से एक किमी दूर पंचायत भवन चौकुना में बने बूथ तक डोली में लाए। विशना देवी ने मतदान किया। इसके बाद डोली में ही विशना देवी को घर पहुंचाया गया।
जैंती तहसील के अंतर्गत ग्राम पंचायत चौकुना में 87 साल की विशना देवी ने अस्वस्थ होने के बावजूद अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पंचायत चुनाव को लेकर विशना आमा में जबरदस्त उत्साह दिखाई दिया। गांव के बच्चे आमा को पंचायत भवन में बने बूथ तक डोली में लाए। डोली से उतार कर आमा मतदान कक्ष में पहुंची और अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
मतदान करने के बाद बूथ से बाहर निकली विशना आमा के चेहरे में खुशी झलक रही थी। विशना आमा ने कहा कि मताधिकार का प्रयोग प्रत्येक मतदाता को करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी युवा मतदाताओं को मतदान करना चाहिए। इससे मतदान प्रतिशत बढ़ेगा। आमा ने कहा कि घर के सारे काम छोड़कर सबसे पहले मतदान करें। मतदान करने के बाद आमा को डोली में ही घर पहुंचाया गया।