बागेश्वर कलक्ट्रेट में सड़क को लेकर प्रदर्शन करते ग्रामीण। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। रंगथारा-मजगांव-चौनाला मोटर मार्ग के निर्माण में लोनिवि की मनमानी से ग्रामीणों में गुस्सा है। आक्रोशित ग्रामीणों ने जिला कार्यालय मेें विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। तय सर्वे के आधार पर सड़क कटान न किए जाने पर आंदोलन करने की भी चेतावनी दी।
शनिवार को रंगथारा, मजगांव, भंतोला, जाखनी, सेरी के लोगों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर विभाग की ओर से की जा रही मनमानी के बारे में बताया। ग्रामीणों ने कहा कि मोटर मार्ग का कटान मुख्य सड़क के किमी दो से किया जाना प्रस्तावित है, जिसको लेकर स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की आपत्ति नहीं है। इसके बावजूद लोनिवि किमी एक से सड़क का कटान कर रही है, जबकि उच्च न्यायालय और राज्यपाल ने भी किमी दो से सड़क कटान का आदेश दिया था।
कहा कि विभाग जाखनी और मजगांव में पेड़ों की संख्या अधिक होने की बात कर रहा है, लेकिन सेरी में पूरा बांज का जंगल है। किमी एक से निर्माण होने पर पूरा बांज का जंगल नष्ट हो जाएगा। ग्रामीणों ने बताया कि विभाग ने जिन गांवों की जमीन कट रही है, उनसे अनापत्ति प्रमाण पत्र भी नहीं लिए हैं। जो गांव पहले से ही मोटर सुविधा ले रहे हैं, उनसे अनापत्ति ली गई है। कहा कि मोटर मार्ग की स्वीकृति जिला प्रशासन और सरकार को छलावे में रखकर ली गई है जिसका मामला सुप्रीम कोर्ट में भी लंबित है। ग्रामीणों ने डीएम से लोनिवि को किमी एक से सड़क कटान की जिद छोड़कर किमी दो से निर्माण कार्य शुरू करवाने के लिए निर्देशित करने की मांग की। इस मौके पर जोगा सिंह मेहता, उमेश राठौर, आनंद सिंह, ईश्वर सिंह, भूपाल सिंह, दान सिंह आदि मौजूद रहे।