जिला पंचायत की टीम का घेराव करते ग्रामीण्
- फोटो : अमर उजाला
खडेरिया में प्रस्तावित कूड़ाघर की जमीन देखने पहुंची जिला पंचायत की टीम को बृहस्पतिवार को भारी जन विरोध का सामना करना पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों और महिलाओं ने जिला पंचायत की टीम का घेराव कर उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे एसडीएम ने ग्रामीणों को समझाकर शांत किया। इस दौरान ग्रामीणों की एसडीएम के साथ भी तीखी बहस हुई।
जिला प्रशासन द्वारा गरुड़ बाजार के कूड़ा निस्तारण की समस्या का हल निकालने के लिए विकास खंड के खडेरिया गांव में राज्य सरकार की चार नाली जमीन चिन्हित कर दो महीने पहले चिन्हित जमीन को जिला पंचायतराज विभाग के नाम कर दी थी। कूड़ाघर बनाने के लिए प्रस्तावित जमीन का डिमार्केशन करने के लिए बृहस्पतिवार को जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी अरुण बर्थवाल, इंजीनियर सत्य प्रकाश कोठियाल, जीवन अल्मिया, जेई संजय जोशी, जीवन मेहता पुलिस के साथ अपराह्न खडेरिया गांव पहुंच गए। उनके आने की सूचना मिलते ही भेंटा, खडेरिया, जिजोली, दर्शानी के ग्रामीण प्रस्तावित कूड़ाघर पर पहुुंच गए।
उन्होंने खडेरिया गांव में चिन्हित की गई उक्त जमीन पर कूड़ाघर न बनाने की मांग की। कहा कि यहां पर कूड़ाघर बनाने से क्षेत्र का पर्यावरण प्रदूषित होगा। आक्रोशित ग्रामीणों व महिलाओं ने चयनित जमीन को देखने पहुंची जिला पंचायत की टीम का घेराव कर उनके खिलाफ नारेबाजी की। सूचना मिलने के एसडीएम गरुड़ सुंदर सिंह भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की एसडीएम के साथ भी तीखी बहस हुई। एसडीएम ने बडी़ मुश्किल से आक्रोशित लोगों को समझाकर शांत किया।