कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर डीएम को सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
बागेश्वर। स्वीकृत मोटर मार्ग के निर्माण में हो रहे अनावश्यक विलंब और इसे निरस्त करने की कथित साजिश के खिलाफ ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर डीएम को ज्ञापन दिया। उन्होंने निर्माण कार्य शुरू करने के लिए सहमति न बनने पर संबंधित विभाग के खिलाफ उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
शनिवार को ग्रामीणों ने डीएम को सौंपे ज्ञापन में बताया कि अक्सौड़ा-बनलेख-कलेड़ी-सलेत-झकरौड़ा-दार्सिंग-हथरसिया और श्रीराम गौशाला के लिए मोटर मार्ग स्वीकृत हो चुका है। मार्ग का सर्वे और पिलर बनाने का टेंडर भी हो चुका था। इसके बावजूद भू गर्भ विभाग के कर्मचारियों की ओर से बिना दोबारा जांच किए जगह को मोटर मार्ग के लिए अनुपयुक्त बताकर सड़क परियोजना को निरस्त करने की साजिश रची जा रही है। इस संबंध में आठ जनवरी 2026 को भी शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद प्रशासन ने विभाग से वार्ता की थी। लेकिन अब बिना ग्रामीणों को सूचित किए कार्य को रोकने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों ने तत्काल सड़क निर्माण की मांग की। इस मौके पर जिपं सदस्य हेमलता, बीडीसी सदस्य सुनीता भाकुनी, अर्जुन देव, सुरेंद्र सिंह भाकुनी, नीरज भाकुनी, विमला भाकुनी आदि मौजूद रहे।