कपकोट (बागेश्वर)। सड़क के लिए फुलवाड़ी-फुलाचौंरा-थलीधार में ग्रामीणों का संघर्ष 62वें दिन भी जारी रहा। 70 वर्ष की मोहिनी देवी, 55 वर्ष की रेवती देवी ने क्रमिक अनशन कर आंदोलन की कमान संभाली।
आंदोलन स्थल पर पहुंचे आक्रोशित ग्रामीणों ने कहा कि संघर्ष करते हुए दो माह से अधिक का समय बीत गया है। अभी तक सड़क निर्माण की प्रगति की किसी तरह की जानकारी नहीं है। समिति ने सड़क निर्माण शुरू होने तक संघर्ष जारी रखने और एक अक्तूबर को हुंकार रैली के माध्यम से शासन प्रशासन को सड़क निर्माण का संदेश देने का आह्वान किया। ग्रामीणों ने कहा कि इसके बावजूद भी कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर अगले चरण में जेल भरो आंदोलन, मानव शृंखला और सड़क निर्माण के लिए जेसीबी चलाने की अनुमति लेकर सड़क निर्माण किया जाएगा। समिति ने शांति और शालीनता के स्थान पर जल्द उग्र प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। इस मौके पर संरक्षक चरण सिंह बघरी, उपाध्यक्ष शेर सिंह दानू, गजेंद्र सिंह धामी, मधन सिंह धामी, प्रताप सिंह, दलीप सिंह, प्रताप सिंह, हीरा सिंह, चंचल सिंह आदि रहे। संवाद