बागेश्वर। जिले के विभिन्न हिस्सों में इन दिनों अपरिचित लोगों की संख्या बढ़ गई है। अपरिचित लोगों की संख्या बढ़ने से लोगों में दहशत है। इस बीच कुछ विवाहिताएं परिजनों को छोड़कर गायब हुईं हैं। इन घटनाओं से चिंतित लोगों ने पुलिस, प्रशासन से बेखौफ घूम रहे लोगों के उनके गृहक्षेत्र के थानों से शीघ्र सत्यापन करवाने की मांग की है।
इन दिनों जिला मुख्यालय, कपकोट, कांडा, दुग नाकुरी, काफलीगैर, गरुड़, शामा उप तहसील क्षेत्र में अनेक अपरिचित लोग फेरी लगाकर व्यापार कर रहे हैं। इनमें से अनेक लोगों ने किराए के घर लिये हैं। एक ही मकान में चार से अधिक लोग रहे हैं। कुछ मकान मालिकों ने अपरिचित लोगों के अपने मकान में रहने की पुलिस को भी सूचना तक नहीं दी है।
इस बीच जिले के विभिन्न हिस्सों से कुछ विवाहिताएं परिजनों को छोड़कर गायब हुईं हैं। लोगों ने महिलाओं के गायब होने में अपरिचित लोगों का हाथ होने की आशंका जताई है। लोगों का कहना है यदि अपरिचित तत्वों का उनके गृहक्षेत्र के थानों से शीघ्र सत्यापन नहीं किया गया तो ऐसे लोग कभी भी बड़ी घटनाओं को भी अंजाम दे सकते हैं।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपरिचित लोगों का उनके गृहक्षेत्र के थानों से शीघ्र सत्यापन कराने और मकान मालिकों को अपरिचित लोगों को मकान किराए पर न देने को कहने की मांग की है। मांग करने वालों में हरीश सिंह, जय सिंह दानू, मोती राम, गुलाब सिंह, रतन सिंह, प्रेम राम, करम सिंह रौतेला, जयंती देवी, कमला देवी आदि शामिल हैं।
पुलिस कप्तान सुखबीर सिंह ने बताया सभी थाना प्रभारियों को अपरिचित लोगों के सत्यापन, मकान मालिकों को किराएदारों को बगैर आईडी के किसी भी दशा में मकान किराए पर न देने और किराएदारों की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा गया है। ताकि उनके गृहक्षेत्र के थाना से सत्यापन कराया जा सके। इस काम में ढिलाई न बरतने के निर्देश पुलिस को पहले से ही दिए गए हैं।